एशिया कप में 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर बीजेपी और बीसीसीआई विपक्षी पार्टियों के निशाने पर है. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद हो रहे इस मैच का कई क्रिकेटर भी विरोध कर रहे हैं.
अब हलगाम आतंकी हमले में अपनी जान गंवाने वाले शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशान्या द्विवेदी ने भी भारत और पाकिस्तान के बीच होने जा रहे, इस मैच को लेकर सवाल खड़े कर दिये हैं. ऐशान्या ने कहा कि पाकिस्तान इस मैच से होने वाली कमाई का इस्तेमाल आतंकवादियों पर खर्च करेगा, जो हम पर फिर हमला करेंगे. हम पाकिस्तान को वो मौका क्यों दे रहे हैं?
बीसीसीआई उन 26 परिवारों को भूल गया
एशिया कप 2025 में होने वाले भारत बनाम पाकिस्तान मैच पर, पहलगाम आतंकी हमले में अपनी जान गंवाने वाले शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशान्या द्विवेदी ने कहा, ‘बीसीसीआई को भारत और पाकिस्तान के बीच मैच स्वीकार नहीं करना चाहिए था.
मुझे लगता है कि बीसीसीआई उन 26 परिवारों के प्रति भावुक नहीं है. उन्होंने पहलगाम हमने और उसके बाद ऑपरेशन सिंदूर में हुई हानि को भुला दिया है. मैं हमारे क्रिकेटर से भी पूछना चाहूंगी कि वो ऐसा क्यों कर रहे हैं? वे क्यों पाकिस्तान की टीम के साथ खेलने के तैयार हो गए हैं?’